नीमच।महेंद्र उपाध्याय। स्थानीय गोमाबाई नेत्रालय मार्ग स्थित रोटरी सामुदायिक भवन में रोटरी क्लब नीमच द्वारा मंडलाध्यक्ष आधिकारिक सभा एवं दानदाता सम्मान समारोह का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। समारोह में रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3040 के मंडलाध्यक्ष रोटे. सुशील मल्होत्रा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रथम महिला रोटे. रूबी मल्होत्रा, दानदाता मनोज भंसाली एवं सहायक मंडलाध्यक्ष रोटे. संजय गोठी मौजूद रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता क्लब अध्यक्ष रोटे. गिरधारी लाल गोयल ने की।कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन, रोटरी संस्थापक पॉल पी. हैरिस की प्रतिमा पर माल्यार्पण तथा रोटरी प्रार्थना के साथ हुआ। इसके पश्चात अतिथियों का पुष्पमालाओं एवं पुष्पगुच्छों से स्वागत किया गया।समारोह का मुख्य आकर्षण दानदाता सम्मान रहा। रोटरी फाउंडेशन के ग्लोबल ग्रांट अंतर्गत नीमच मानव सेवा समिति द्वारा संचालित डायलिसिस सेंटर को दो अत्याधुनिक डायलिसिस मशीनों हेतु 10 हजार डॉलर का योगदान देने पर प्रतिष्ठित भंसाली परिवार की ओर से मनोज भंसाली का मंडलाध्यक्ष के हाथों शॉल, श्रीफल, अभिनंदन पत्र एवं पुष्पमाला से सम्मान किया गया।
इसी प्रकार क्लब अध्यक्ष रोटे. गिरधारी लाल गोयल को भी डायलिसिस मशीन हेतु आर्थिक सहयोग, रोटरी सामुदायिक भवन का मुख्य द्वार निर्माण एवं जल सेवा समिति को जल वाहन भेंट करने जैसी उल्लेखनीय सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया। रोटरी फाउंडेशन द्वारा उन्हें एवं उनके परिवार को प्रतिष्ठित पॉल हैरिस फेलो सम्मान भी प्रदान किया गया। पूर्व अध्यक्ष रोटे. सुरेश सोडानी को पॉल हैरिस फेलो लेवल-2 से सम्मानित किया गया।अपने संबोधन में मंडलाध्यक्ष सुशील मल्होत्रा ने कहा कि रोटरी क्लब नीमच मंडल के सबसे सक्रिय और सेवा-समर्पित क्लबों में शामिल है।
उन्होंने क्लब द्वारा संचालित रोटरी आहार केंद्र, सार्वजनिक शौचालय, मेडिकल इक्विपमेंट बैंक, सामुदायिक भवन,स्कूल फर्नीचर,गोमाबाई नेत्रालय के लिए आधुनिक उपकरण, फंडस कैमरा तथा डायलिसिस सेंटर को मशीनें उपलब्ध कराने जैसे कार्यों की सराहना की।सचिव रोटे. सुनील डबकरा ने वर्षभर का सेवा प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में नगर के गणमान्य नागरिक,वरिष्ठ रोटेरियन, महिला सदस्य एवं बड़ी संख्या में अतिथि उपस्थित रहे। अंत में स्मृति चिन्ह भेंट किए गए तथा राष्ट्रगान के बाद स्नेह भोज के साथ समारोह का समापन हुआ।