नीमच।महेन्द्र उपाध्याय।विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर रविवार को अक्षय ब्लड हेल्पलाइन द्वारा जिला चिकित्सालय स्थित ब्लड बैंक में स्वैच्छिक रक्तदाताओं के सम्मान का आयोजन किया गया।कार्यक्रम का उद्देश्य रक्तदान जैसे महादान के प्रति लोगों को जागरूक करना तथा नियमित रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करना था।अक्षय ब्लड हेल्पलाइन द्वारा जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जाते हैं। इसी कड़ी में अंतरराष्ट्रीय रक्तदाता दिवस पर रक्तदान करने वाले स्वैच्छिक रक्तदाताओं का पुष्पहार पहनाकर एवं सम्मान स्वरूप शील्ड प्रदान कर अभिनंदन किया गया।सम्मानित रक्तदाताओं में माजूमन अली (नीमच),शिवचंद धाकड़ (कंजड़ा),अरबाज (नीमच), फतेहसिंह (नीमच),सुनील धाकड़ (जीरन),कन्हैयालाल रावत(भोबतपुरा, जीरन), सुनील खंडेलवाल (नीमच) सहित पवन,विक्रम एवं अन्य रक्तदाता शामिल रहे। सभी रक्तदाताओं को मानव सेवा के इस पुनीत कार्य के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि रक्तदान ऐसा महादान है,जिससे किसी जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचाया जा सकता है।नियमित रक्तदान करने वाले लोग समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों से अधिक से अधिक संख्या में स्वैच्छिक रक्तदान करने का आह्वान भी किया गया।कार्यक्रम के दौरान माधु राठौर,गोपाल तेली एवं कमल राणा सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।अंत में अक्षय ब्लड हेल्पलाइन के संयोजक रामप्रकाश बलदवा जांगिड़ ने सभी रक्तदाताओं,अतिथियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संकल्प दोहराया।