नीमच।महेन्द्र उपाध्याय। गऊ नंदी सेवा धाम नीमच में एक गंभीर रूप से घायल गौमाता का सफल उपचार कलेक्टर हिमांशु चंद्रा की संवेदनशीलता और त्वरित हस्तक्षेप से संभव हो सका। गौमाता का एक सींग बुरी तरह सड़ चुका था, जिससे वह लंबे समय से पीड़ा झेल रही थी।जानकारी के अनुसार,यह गौमाता धनेरिया कला क्षेत्र से लावारिस अवस्था में गऊ नंदी सेवा धाम लाई गई थी। जांच में पता चला कि उसका सींग गंभीर संक्रमण के कारण सड़ चुका है और तत्काल ऑपरेशन की आवश्यकता है। इस संबंध में गौ सेवा समिति नीमच ने पशुपालन विभाग के उप संचालक राजेश पाटीदार से संपर्क किया। उन्होंने समिति को 1962 पशु चिकित्सा हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी।शिकायत दर्ज होने के करीब चार घंटे बाद 1962 चलित पशु चिकित्सा एम्बुलेंस मौके पर पहुंची, लेकिन टीम ने अगले दिन ऑपरेशन करने की बात कही। बाद में पशु चिकित्सालय से समिति को फोन कर गाय को अस्पताल लाने के लिए कहा गया, लेकिन वाहन की व्यवस्था नहीं होने के कारण समिति ने चिकित्सकों से मौके पर पहुंचकर उपचार करने का आग्रह किया। इसके बावजूद तत्काल कोई कार्रवाई नहीं हो सकी।स्थिति की गंभीरता को देखते हुए गौ सेवा समिति के सदस्य मितेश अहीर ने कलेक्टर हिमांशु चंद्रा को व्हाट्सएप के माध्यम से पूरे मामले की जानकारी दी। कलेक्टर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल आवश्यक निर्देश दिए। इसके लगभग 20 मिनट बाद ही पशु चिकित्सालय से समिति को फोन आया और चिकित्सकों की टीम सेवा धाम पहुंच गई।पशु चिकित्सकों ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद ऑपरेशन कर गौमाता के सड़े हुए सींग के हिस्से को सफलतापूर्वक अलग किया। ऑपरेशन के बाद गौमाता की स्थिति में सुधार बताया जा रहा है। समिति ने कलेक्टर एवं चिकित्सकीय टीम का आभार व्यक्त करते हुए इसे गौसेवा के प्रति प्रशासन की संवेदनशील पहल बताया।
कलेक्टर की तत्परता से मिला गौमाता को जीवनदान, दो घंटे चले ऑपरेशन में सड़ा हुआ सींग हटाया
June 15, 2026
0