नीमच / भोपाल। मध्यप्रदेश के मालवा अंचल से इस वक्त की सबसे बड़ी राजनीतिक खबर सामने आ रही है। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अनुसूचित जाति विभाग ने संगठन को जमीनी स्तर पर बेहद मजबूत और आक्रामक बनाने के लिए नीमच जिले में एक बहुत बड़ा दांव खेला है। पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुँचाने और कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा फूंकने के उद्देश्य से कांग्रेस के सक्रिय नेता महेश वीरवाल (प्रदेश सचिव) को तत्काल प्रभाव से नीमच जिले का जिला प्रभारी नियुक्त किया गया है। इस नियुक्ति का आधिकारिक पत्र भी जारी कर दिया गया है।
दिल्ली से भोपाल तक बनी सहमति, प्रदीप अहिरवार ने जारी किया आदेश
मिशन मालवा को मिली जानकारी के अनुसार, इस नियुक्ति के पीछे कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व पूरी तरह गंभीर है। यह महत्वपूर्ण आदेश अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अनुसूचित जाति विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेंद्र पाल गौतम के दिशा-निर्देशों पर और मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी की विशेष सहमति के बाद जारी किया गया है। शीर्ष नेतृत्व की हरी झंडी मिलते ही मध्यप्रदेश कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप अहिरवार ने महेश वीरवाल को इस जिम्मेदारी का नियुक्ति पत्र सौंप दिया है।
राजनीतिक गलियारों में इस नियुक्ति को बेहद अहम माना जा रहा है। महेश वीरवाल को उनके बेहतरीन संगठनात्मक कौशल, जमीनी स्तर पर लगातार सक्रियता और अनुसूचित जाति वर्ग के साथ-साथ सर्वसमाज के प्रति उनके समर्पण को देखते हुए यह बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है।
खड़गे और राहुल गांधी की नीतियों को गांव-गांव पहुंचाएंगे वीरवाल: प्रदीप अहिरवार
इस नियुक्ति पर बधाई देते हुए अजा विभाग के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप अहिरवार ने वीरवाल पर बड़ा भरोसा जताया है। उन्होंने कहा कि महेश वीरवाल, कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे एवं नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में पार्टी की रीति-नीति और विचारधारा को आगे बढ़ाएंगे। वे नीमच जिले के प्रत्येक ब्लॉक और पंचायत स्तर पर अनुसूचित जाति विभाग के संगठन को और अधिक गतिशील, आक्रामक व मजबूत बनाएंगे।
आगामी दौर में संगठन को मजबूत करने और बेहतर जमीनी तालमेल के लिए इस नियुक्ति की आधिकारिक प्रतिलिपि नीमच जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष तरुण बाहेती और अनुसूचित जाति विभाग नीमच के जिलाध्यक्ष राकेश जावरिया को भी आवश्यक समन्वय और आगामी रणनीति तैयार करने के लिए भेजी गई है।
महेश वीरवाल की इस नियुक्ति की खबर मिलते ही नीमच जिले सहित पूरे मालवा अंचल के कांग्रेस कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और समर्थकों में उत्साह देखा जा रहा है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि वीरवाल की इस एंट्री से नीमच जिले में कांग्रेस संगठन को एक नई मजबूती मिलेगी।
रिपोर्टर चिराग फगवार, मिशन मालवा न्यूज़।