नीमच। जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत करने और अपराधियों में पुलिस का खौफ पैदा करने के लिए बीती रात एक बड़ा सर्च ऑपरेशन चलाया गया। पुलिस कप्तान राजेश व्यास के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवलसिंह सिसोदिया के मार्गदर्शन में 30 और 31 मई की दरम्यानी रात पूरे नीमच जिले में एक साथ 'कॉम्बिंग गश्त' की गई।
इस विशेष अभियान के तहत जिले के तमाम राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी और चौकी प्रभारी भारी पुलिस बल के साथ सड़कों पर उतरे। रातभर चली इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य लंबे समय से फरार आरोपियों की धरपकड़, गुंडा-बदमाशों की चेकिंग और संदिग्ध ठिकानों पर दबिश देना था। चैनल को मिली जानकारी के अनुसार, इस अभियान में पुलिस टीम ने रात के अंधेरे में कई बड़ी कार्रवाइयों को अंजाम दिया है।
अपराधियों पर शिकंजा: आखिर कब तक भागेंगे वारंटी?
पुलिस द्वारा जारी अधिकृत जानकारी के अनुसार, इस एक रात के अभियान में कुल 118 वारंट तामील किए जाने का दावा किया गया है। इसमें 39 स्थाई वारंटी शामिल हैं, जो काफी समय से पुलिस की आंखों में धूल झोंककर फरार चल रहे थे, वहीं 79 गिरफ्तारी वारंट भी तामील कराए गए।
शरीर संबंधी अपराध: 52 वारंट
संपत्ति संबंधी अपराध: 37 वारंट
मादक पदार्थ तस्करी: 02 वारंट
अवैध नशे पर प्रहार: गांजा और कच्ची शराब जब्त
इस अभियान के दौरान पुलिस ने मादक पदार्थों और अवैध शराब के खिलाफ भी मामले दर्ज किए हैं।
गांजा तस्करी: एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए 2 किलो 190 ग्राम अवैध गांजा जब्त किए जाने और 1 आरोपी को गिरफ्तार करने की खबर है।
अवैध शराब: आबकारी अधिनियम के तहत कुल 11 प्रकरण दर्ज कर 51 लीटर अवैध कच्ची शराब जब्त की गई है।
इसके अलावा सट्टा अधिनियम में 03 और जुआ अधिनियम में 01 प्रकरण दर्ज किया गया है, जबकि 54 लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।
रातभर चली इस गश्त के दौरान पुलिस टीमों ने जिले के 107 निगरानी बदमाशों और गुंडों की मौजूदगी जांची। साथ ही 01 जिला बदर आरोपी की भी चेकिंग की गई। महिला संबंधी अपराधों के 03 आदतन आरोपियों के चाल-चालन और उनकी आमद-रफत पर भी नजर रखी गई। सुरक्षा के मद्देनजर जिले के 60 होटल, लॉज और ढाबों पर औचक दबिश दी गई, वहीं बैंकों और एटीएम को भी चेक किया गया।
अभियान के दौरान जिले में 12 अलग-अलग स्थानों पर संयुक्त चेकिंग पॉइंट लगाए गए थे। इस दौरान 175 से अधिक वाहनों को रोककर जांच की गई। नियमों का उल्लंघन करने वाले 43 वाहनों के चालान काटकर 21,800/- रुपये का समन शुल्क वसूला गया। वहीं, शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ धारा 185 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत आवश्यक कार्रवाई की गई।
पुलिस कप्तान राजेश व्यास का कहना है कि नीमच जिले में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा इस तरह की प्रभावी और सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रखी जाएगी।
ब्यूरो रिपोर्ट: चिराग फगवार, मिशन मालवा न्यूज़, नीमच