नीमच। नयागांव स्थित परिवहन चेक पॉइंट पर वाहन चालकों से अवैध वसूली और निजी व्यक्तियों की मौजूदगी को लेकर आम आदमी पार्टी ने मंगलवार को कलेक्टर के नाम प्रतिनिधि को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में चेक पॉइंट पर अवैध वसूली पर रोक लगाने तथा वहां तैनात निजी व्यक्तियों को हटाकर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की मांग की गई।
आप ने ज्ञापन में आरोप लगाया कि वर्ष 2013 से पार्टी नयागांव परिवहन चेक पोस्ट पर कथित अवैध वसूली के खिलाफ आवाज उठाती रही है। पार्टी के अनुसार वर्ष 2015 में तत्कालीन कलेक्टर नंदकुमारम और पुलिस अधीक्षक तरुण नायक ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए चेक पोस्ट पर कार्रवाई कर अवैध वसूली के आरोप में तैनात अमले के खिलाफ पुलिस रिपोर्ट दर्ज कराई थी।ज्ञापन में कहा गया कि बाद में प्रदेश के चेक पोस्ट बंद किए गए और उनकी जगह चेक पॉइंट बनाए गए। पार्टी का दावा है कि नियमों के अनुसार सभी वाहनों को रोकने के बजाय संदेह होने पर ही वाहनों की जांच की जानी चाहिए। जांच के दौरान संबंधित कर्मचारी की वर्दी पर बॉडी कैमरा होना तथा चेक पॉइंट पर किसी निजी व्यक्ति की मौजूदगी नहीं होना चाहिए।आप ने आरोप लगाया कि नयागांव चेक पॉइंट पर इन निर्देशों का पालन नहीं हो रहा है। पार्टी के अनुसार वाहन चालकों से वाहन के टायरों की संख्या के आधार पर कथित रूप से 500 से 5 हजार रुपए तक की राशि वसूले जाने के आरोप हैं। विरोध करने वाले वाहन चालकों के साथ अभद्र व्यवहार किए जाने का भी आरोप लगाया गया। पार्टी ने सागर मंथन से कहा कि इस संबंध में सोशल मीडिया पर समय-समय पर वीडियो भी सामने आते रहे हैं।ज्ञापन में चेक पॉइंट पर मौजूद निजी व्यक्तियों को हटाने, कथित अवैध वसूली तत्काल बंद कराने, तैनात सागर मंथन अधिकारियों-कर्मचारियों की वर्दी पर नियमानुसार बॉडी कैमरा सुनिश्चित करने तथा वाहन चालकों के साथ अभद्रता की शिकायत पर नयागांव पुलिस चौकी में तत्काल रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की गई।